जोशीमठ : चमोली जिले में बद्रीनाथ के पास ही बामणी गांव में सभी आवासीय मकान और मंदिर बर्फ से ढक गए हैं। इन हालात में बद्रीनाथ में रह रहे बीकेटीसी के कर्मचारी और सुरक्षा जवानों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। बद्रीनाथ धाम में लगभग नौ फीट बर्फ जम गई है।
बद्रीनाथ धाम में भारी बर्फबारी से कई दुकानें ध्वस्त हो गईं। कई निर्माणाधीन मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। यहां रह रहे मंदिर समिति के 25 कर्मचारी, पुलिसकर्मी और साधु सुरक्षित हैं। बद्रीनाथ में हालांकि, शुक्रवार को मौसम खुला रहा। लेकिन, इस धाम में नौ फीट बर्फ गिरी है। स्थानीय हेमकुंड साहिब भी बर्फ से ढक गया है। यहां करीब ग्यारह फीट बर्फ जमी हुई है।
यात्रा के प्रमुख पड़ाव घांघरिया में भी कई दुकानें बर्फ से ढक गई हैं। घांघरिया से हेमकुंड तक छह किलोमीटर आस्था पथ बर्फ से ढक गया है। हेमकुंड सरोवर भी बर्फ से जम गया है। गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह का कहना है कि इस बार यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।