महाराष्ट्र सरकार गठन: तमाम अटकलों के बीच संजय राउत ने शरद पवार से की मुलाकात

Summary :

महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर जारी खींचतान के बीच शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार से बुधवार को मुलाकात की।

महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर जारी खींचतान के बीच शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार से बुधवार को मुलाकात की। राउत ने मुलाकात के बाद कहा, “यह एक शिष्टाचार भेंट थी।” उन्होंने आगे कहा कि वह (शरद) राज्य और देश के एक वरिष्ठ नेता हैं। वह आज महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति से चिंतित हैं। हमने एक संक्षिप्त चर्चा की।
बता दें कि भाजपा और शिवसेना के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान जारी है। पिछले विधानसभा चुनाव के विपरीत भाजपा और शिवसेना ने यह चुनाव मिलकर लड़ा था। 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने इस बार 105 सीटें जीतीं जबकि शिवसेना 56 सीटों पर विजेता रही। 
राज्यसभा सदस्य राउत ने पहले कहा था कि उनकी पार्टी ढाई-ढाई वर्ष के लिए मुख्यमंत्री पद साझा करने सहित सत्ता के बंटवारे को लेकर भाजपा से लिखित आश्वासन चाहती थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा और शिवसेना के बीच मुख्यमंत्री पद साझा करने को लेकर चुनाव से पहले ही “सहमति” हो गई थी। 

नितिन गडकरी से मिले अहमद पटेल, बोले- महाराष्ट्र की राजनीति पर नहीं हुई कोई बात

वहीं, राकांपा ने मंगलवार को कहा था कि शिवसेना द्वारा भाजपा के साथ गठबंधन समाप्त करने की घोषणा के बाद महाराष्ट्र में एक नए राजनीतिक विकल्प पर विचार किया जा सकता है। राकांपा से जुड़े सूत्रों ने बताया था कि उनकी पार्टी शिवसेना के साथ बातचीत आगे बढ़ाने से पहले चाहती है कि केन्द्र सरकार में शिवसेना के इकलौते मंत्री अरविंद सावंत इस्तीफा दें। 

Desk Team