शिवसेना के मुखपत्र सामना में संजय राउत ने कंगना रनौत द्वारा मुंबई को लेकर दिए गए विवादित बयानों पर चुप्पी साधने के लिए अक्षय कुमार जैसे बॉलीवुड अभिनेताओं से सवाल किया है। शहर को ’उन्हें सब कुछ देने’ पर जोर देते हुए, शिवसेना नेता ने पूछा कि कंगना के मुंबई को पीओके बताने वाले बयान के विरोध में ये सितारें आगे क्यों नहीं आए। शिवसेना ने पूछा कि ‘क्या उनके लिए मुंबई सिर्फ पैसा कमाने के लिए है।’
मुंबई स्थित फिल्म उद्योग की ओर इशारा करते हुए उन्होंने लिखा कि कंगना की टिप्पणियों को लेकर फिल्म इंडस्ट्री के आधे लोगों को मुंबई के लिए आगे आना चाहिए था। राउत ने लिखा कि जब कंगना ने मुंबई की तुलना पीओके से की तो अक्षय कुमार जैसे व्यक्ति को बोलना चाहिए था।’ राज्यसभा सदस्य ने उम्मीद जताई कि कम से कम फिल्मी सितारों को आगे आना चाहिए था और कहना चाहिए था कि कंगना का विचार फिल्म उद्योग का नहीं था। उन्होंने लिखा कि “इन सभी को एक बात ध्यान रखनी चाहिए कि ‘ठाकरे’ के हाथ में महाराष्ट्र की कमान है।”
सामना में कहा गया है कि मुंबई ने फ़िल्मी सितारों को सब कुछ दिया है। मुंबई ने हर किसी को बसाया है लेकिन मुंबई के लिए आभार व्यक्त करने में अनेक लोगों को तकलीफ होती है। दुनियाभर के रईसों के घर मुंबई में हैं लेकिन मुंबई का जब अपमान होता है ये सब गर्दन झुकाकर बैठे होते हैं। राउत ने यह भी लिखा कि कंगना ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को तु-तड़ाक से संबोधित किया था। शिवसेना ने दावा किया कि ‘मुंबई के मूल निवासी उनका समर्थन कर रहे थे।