केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शनिवार को मध्य प्रदेश के श्योपुर शहर में बाढ़ ग्रस्त इलाके का दौरा करने पहुंचे तो नाराज स्थानीय लोगों ने घेर लिया। इतना ही नहीं उनके वाहनों के काफिले पर कीचड़ भी फेंका गया। इस घटना के बाद ही शिवराज सरकार ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का तबादला कर दिया।
श्योपुर शहर मध्यप्रदेश के उत्तरी भाग में स्थित मुरैना लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। श्योपुर शहर और जिला इस सप्ताह की शुरुआत में भारी बारिश के कारण बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना से लोकसभा सांसद हैं।
तोमर शनिवार को जब बाढ़ पीड़ितों से मिलने शहर के कराटिया बाजार पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने उनका घेराव किया और कहा कि वह बहुत देर से यहां आए हैं। जब वह रोती हुई महिलाओं को सांत्वना देने के लिए कार से नीचे उतरे तो लोग उनका पीछा करने लगे।
बाद में गुस्साए लोगों ने कथित तौर उनके वाहनों पर कीचड़ और छोटी सूखी लकड़ियां फेंकी। स्थानीय लोगों ने तोमर से शिकायत की कि प्रशासन ने बाढ़ के बारे में समय पर लोगों को सतर्क नहीं किया और यह जिला प्रशासन की विफलता है। श्योपुर के पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कहा कि लोगों ने मंत्री से शिकायत की कि उन्हें राहत देर से पहुंची।
उपाध्याय ने कहा कि मंत्री के काफिले का कोई वाहन क्षतिग्रस्त नहीं हुआ। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने स्वीकार किया कि प्रशासन ने ढिलाई बरती। हालांकि, यह भी कहा कि एक बांध टूटने की अफवाह ने भी समस्या पैदा की। तोमर ने आश्वासन दिया कि जिले को हर तरह की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
DM और SP का तबादला
केंद्रीय मंत्री के साथ हुई इस घटना के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने रविवार को श्योपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) का तबादला कर दिया। श्योपुर जिला कलेक्टर राकेश कुमार श्रीवास्तव को स्थानांतरित राज्य मंत्रालय में उप सचिव और एसपी संपत उपाध्याय को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के रूप में पदस्थ किया गया है।