भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि श्री गुरुनानक देवजी के 550वें प्रकाश पर्व पर जबलपुर में 20 करोड़ की लागत से श्री गुरुनानक देव जी की स्मृति में सिख संग्रहालय और शोध केंद्र बनाया जाएगा। कमलनाथ ने श्री गुरुनानक देवजी के 550वें प्रकाश पर्व को भव्य व धूम-धाम से मनाने के लिए गठित समिति की बैठक में यह जानकारी दी। बैठक में राज्य की संस्कृति मंत्री डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ भी उपस्थित थीं। इस मौके पर कमलनाथ ने कहा कि गुरुनानक देवजी के 550वें प्रकाश पर्व को मनाने के लिए गठित यह समिति स्थाई रूप से काम करेगी।
उन्होंने कहा कि हमारी मंशा है कि समिति सिर्फ प्रकाश पर्व के आयोजन मनाने तक सीमित न रहे बल्कि इसके बाद भी वे निरंतर सक्रियता से सिख समाज के बीच काम करती रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में गुरुनानक देवजी के 550वें प्रकाश पर्व को शानदार और यादगार बनाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देवजी के यादों से जुड़े मध्यप्रदेश के भोपाल के टेकरी साहिब, इंदौर के इमली साहिब, बेटमा साहिब, ओंकारेश्वर स्थित गुरुद्वारा, उज्जैन का गुरुनानक घाट गुरुद्वारा एवं जबलपुर के ग्वारी घाट गुरुद्वारे में विकास कार्य एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार 2-2 करोड़ रुपए देगी।
बैठक में बताया गया कि गुरुनानक देवजी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित करते हुए इंदौर में शेरे पंजाब, सिखों के महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। कमलनाथ ने बताया कि श्री गुरुनानक देवजी के 550वें प्रकाश पर्व पर 12 नवम्बर को प्रदेश के प्रमुख शासकीय कार्यालयों में विद्युत सजावट और रोशनी की जाएगी। मंत्रालय और विधानसभा पर भी विद्युज सज्जा की जाएगी।
मुख्य सचिव एस.आर। मोहन्ती, अपर मुख्य सचिव अध्यात्म मनोज श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव संस्कृति विभाग पंकज राग सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव एवं सचिव भी इस अवसर पर उपस्थित थे।