हल्द्वानी : बढ़ती महंगाई के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान सपा महानगर अध्यक्ष अबू तसलीम ने कहा कि 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, गरीबों को अच्छे दिन, मजदूर-किसानों को राहत देने जैसे कई वायदे कर सत्ता हासिल की थी, लेकिन समय बीतने के साथ इन वायदों की हवा निकल गई। आज पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस व सभी जरूरत की वस्तुओं के दाम सातवें आसमान पर हैं। मजदूर, किसान, बेरोजगार, छात्र, युवा, महिलाएं, छोटे-मझौले व्यवसाई व समाज के सभी कमजोर हिस्से अपने आपको ठगा सा महसूस कर रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा देश की गरीब जनता को दबाने व पूरे देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में सपा अपना विरोध दर्ज कराती है।
उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है, तब से पेट्रोल-डीजल व गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़े हैं, जिससे आम जनता ग्रस्त है। सबसे पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी व उसके बाद बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। किसानों की हालत यह है कि वह आत्महत्या करने को मजबूर हैं। सत्ता में आने से पहले किसानों के कर्ज माफी का वादा करके सत्ता हासिल कर भाजपा जनता से किये हुए वायदे भूल गई और सत्ता के नशे में चूर हो गई। उन्होंने कहा कि पैट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों से परिवहन उद्योग को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
मोदी राज में भारतीय अर्थव्यवस्था का मानो जनाजजा ही निकल चुका है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई पर लगाम नहीं लगाई तो सपा सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। इस दौरान अब्दुल नासिर, साजिद, अदनान खानन, रोहित लोधी, अमित आर्या, युसूफ खान, अनम मलिक, सलमान खान, युसूफ, फिदा हुसैन, अभिषेक, दीपक, कमल, आशीष समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
– संजय तलवाड़