हैदराबाद में लॉकडाउन के बीच बिहार के फंसे 1,200 श्रमिकों को लेकर विशेष रेलगाड़ी खगड़िया के लिए लेकर मंगलवार को रवाना हुई। मिली जानकारी के अनुसार तेलंगाना में श्रमिकों के लिए चलायी गयी यह दूसरी रेलगाड़ी है। इस बात की जानकारी दक्षिण मध्य रेलवे के अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि इसी तरह, आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा के पास रयानापाडु से एक अन्य ट्रेन महाराष्ट्र के चंद्रपुर के लिए रवाना हुई।
रचकोंडा पुलिस ने एक बयान में कहा कि ट्रेन घाटकेसर स्टेशन से तड़के तीन बजकर पांच मिनट पर खगड़िया के लिए रवाना हुई। रचकोंडा पुलिस आयुक्त महेश भागवत, मेडचल कलेक्टर वेंकटेश्वरलू और दक्षिण मध्य रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रस्थान का निरीक्षण किया।
World Corona : दुनियाभर में मृतकों का आंकड़ा 2 लाख 50 हजार के पार
सोमवार रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि तेलंगाना में फंसे श्रमिकों को उनके गंतव्य स्थान तक ले जाने के लिए एक हफ्ते तक प्रतिदिन करीब 40 ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। ये रेलगाड़ियां वारंगल, खम्मम और रामगुंडम समेत शहर के विभिन्न स्टेशनों से प्रस्थान करेंगी।
ये ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न गंतव्य स्थानों तक जाएंगी। एक मई को पहली ट्रेन 1,225 श्रमिकों को यहां के लिंगमपल्ली स्टेशन से झारखंड के हटिया लेकर गई थी। रेल मंत्रालय द्वारा उनकी वापसी के राज्य सरकार के अनुरोध को स्वीकार करने के बाद यह ट्रेन चलाई गई थी। कोरोना वायरस के चलते लागू लॉकडाउन के बाद से कई दिनों तक रेल सेवाएं बंद रहने के बाद रेलवे द्वारा चलाई गई यह पहली विशेष रेलगाड़ी थी।