देहरादून : उत्तराखंड भाजपा ने अपने सदस्यता पर्व के सुचारू संचालन के लिए कमर कस ली है। करीब सौ दिन के इस पर्व में पार्टी प्रदेश में अधिक से अधिक लोगों को अपने साथ जोड़ेगी। सदस्यता पर्व का शुभारंभ पूरे देश के साथ उत्तराखंड में भी आज से शुरू होगा। इसके श्रीगणेश के लिए पार्टी ने प्रदेश के सभी 13 जिलों में बड़े कार्यक्रम निर्धारित किए हैं। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों के अलावा प्रदेश से भाजपा सांसद, पूर्व सांसद व अन्य आला पदाधिकारी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
राजधानी देहरादून में जिला इकाई व महानगर इकाई का सदस्यता पर्व श्रीगणेश कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू अभियान का शुभारम्भ करेंगे। इस मौके पर प्रदेश सदस्यता प्रमुख विधायक खजाना दास व प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल भी मौजूद रहेंगे। जबकि नैनीताल में प्रदेश अध्यक्ष व सासंद अजय भट्ट व राष्ट्रीय सह सदस्यता प्रमुख दुष्यन्त गौतम समेत प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी व प्रदेश सह सदस्यता प्रमुख खिलेन्द्र चौधरी पर्व का शुभारंभ करेंगे।
नैनीताल जिले का कार्यक्रम श्यामा फार्म हल्द्वानी में सुबह 11 बजे से होगा। हरिद्वार में केंद्रीय मंत्री डा रमेश पोखरियाल निशंक व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज मौजूद रहेंगे। उधमसिंह नगर जिले का कार्यक्रम रुद्रपुर में होगा और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक पर्व का शुभारंभ करेंगे। पूर्व सीएम व पूर्व सांसद भगत सिंह कोश्यारी सांसद अजय टम्टा के साथ चंपावत जिले में सदस्यता पर्व का शुभारंभ करेंगे।