छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने धारदार हथियार से असिस्टेंट कांस्टेबल की हत्या कर दी है। जानकारी के मुताबिक फरसेगढ़ थाने में तैनात कांस्टेबल 14 अप्रैल से लापता था। नक्सलियों ने कांस्टेबल शव के साथ एक पर्चा भी छोड़ा है। जिसमें हत्या की जिम्मेदारी नेशनल पार्क एरिया कमेटी ने ली है।
बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि जिले के फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत फरसेगढ़ गांव के करीब आज सहायक आरक्षक रमेश कुरसम का शव मिला। नक्सलियों ने कांस्टेबल की धारदार हथियार से हत्या की है। कुरसम फरसेगढ़ थाने में तैनात था और वह 14 अप्रैल की शाम से लापता था।
मध्यप्रदेश के खरगोन में तबलीगी जमात का सदस्य कोविड-19 से संक्रमित, मामला दर्ज
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना कि जानकारी मिलते ही एक पुलिस दल रवाना किया, जिसने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से माओवादियों का एक पर्चा बरामद किया है, जिसमें नेशनल पार्क एरिया कमेटी ने घटना की जिम्मेदारी ली है।
कांस्टेबल कुरसम पर स्थानीय ग्रामीणों को परेशान करने का आरोप लगाया है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक जांच में यह जानकारी मिली है कि नक्सलियों ने पुलिस कांस्टेबल की हत्या की है। हालांकि पुलिस कांस्टेबल की हत्या के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।