श्रीलंका की नौसेना द्वारा पकड़े गए भारतीय मछुआरों को वहां की अदालत में रिमांड बढ़ाने के फैसले पर निराशा जताते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन ने गुरुवार को विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से हस्तक्षेप की मांग की है। एक ट्वीट में सीएम स्टालिन ने डॉ जयशंकर से श्रीलंका से मछुआरों की तत्काल रिहाई को सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, यह जानकर बहुत निराशा हुई कि हमारे 46 मछुआरों की रिमांड बढ़ दी गई है। माननीय डॉ एस जयशंकर से मछुआरों की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने के लिए श्रीलंका पर दबाव बनाने का आग्रह है।
सीएम ने पहले भी लिखा था पत्र
भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका के जाफना की एक अदालत के 46 भारतीय मछुआरों की रिमांड 27 जनवरी तक बढाने के फैसले के बाद मुख्यंमत्री ने विदेश मंत्री ने हस्तक्षेप की मांग की है। इससे पहले स्टालिन ने आठ जनवरी को डॉ जयशंकर को पत्र लिखकर श्रीलंकाई हिरासत से 56 मछुआरों और उनकी 75 नौकाओं की रिहाई को सुरक्षित करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया था।
विदेश मंत्री को कहा था धन्यवाद
मुख्यमंत्री ने 12 मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए डॉ जयशंकर द्वारा किए गये प्रयासों के लिए उनका धन्यवाद देते हुए, कहा कि पोंगल त्योहार को देखते हुए यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ जानी चाहिए कि तमिलनाडु के शेष 56 मछुआरे, जो दिसंबर, 2021 से श्रीलंका की जेलों में बंद हैं, उन्हें रिहा किया जाए ताकि वे पारंपरिक तमिल त्योहार पर अपने परिवारों के साथ फिर से मिल सकें।