तेलंगाना चुनाव : कांग्रेस ने चुनाव आयोग से गुलाबी बैलट पेपर हटाने की मांग की

Summary :

राज्य के शीर्ष चुनाव अधिकारी ने हालांकि कहा है कि ईवीएम पर चिपके गुलाबी बैलट पेपर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप हैं। 

कांग्रेस ने गुरुवार को चुनाव आयोग से तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए गई ईवीएम मशीनों पर लगे गुलाबी बैलट पेपरों को हटाने की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि गुलाबी रंग सत्तारूढ़ टीआरएस से संबंधित है और इससे मतदाता प्रभावित हो सकते हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग में अपना ज्ञापन देते हुए सात दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए आए नौ लाख गुलाबी बैलट पेपर्स लाने का आदेश रद्द करने की मांग की।

कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में कहा, ‘गुलाबी रंग तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) का आधिकारिक रंग और पार्टी का पर्यायवाची है। गुलाबी रंग के बैलट पेपर्स का उपयोग टीआरएस को बेशक लाभ देगा।’ इसके अनुसार, ‘संविधान के अंतर्गत स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। हमें यकीन है कि आयोग हमसे सहमत होगा क्योंकि यह एक महत्वपूर्ण मुद्दा है जिसकी तुरंत समीक्षा होने की जरूरत है।

पार्टी का रंग पार्टी के प्रतिनिधित्व और उसके विचारों का महत्वपूर्ण संकेत है, वे मतदाताओं को प्रभावित कर सकते हैं।’ पार्टी ने यह भी इशारा किया कि हाल ही में सम्पन्न ग्रेटर हैदराबाद निकाय चुनावों में टीआरएस ने मतदान मशीन पर नोटा का बटन गुलाबी रंग के होने का विरोध किया था। टीआरएस का कहना था कि इससे टीआरएस को वोट देने वाले मतदाता गलती से नोटा का बटन दबा सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस ने भी मुख्य चुनाव अधिकारी रजत कुमार के सामने इस निर्णय को चुनौती दी है। राज्य के शीर्ष चुनाव अधिकारी ने हालांकि कहा है कि ईवीएम पर चिपके गुलाबी बैलट पेपर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप हैं।

Desk Team