देहरादून : उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक चढ़ता पारा गर्मी से बेचैनी बढ़ा रहा है। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार, जबकि मसूरी का पांच डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। अभी इसमें और इजाफा होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले तीन दिन तक पहाड़ों से लेकर मैदान तक अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है।
दून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 39.4 व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मसूरी का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 28.2 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में 11 बजे ही तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंचते ही सड़कों में लोगों की आवाजाही कम हो रही है। तेज धूप और लू के थपेड़ों से बचते लोग शहर के पार्कों एवं सड़क किनारे पेड़ की छाया तलाश रहे थे।
उधर, चारधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री एवं यमुनोत्री में दिनभर धूप खिली रहने से मौसम रमणीय रहा। पर्यटक स्थल नैनीताल में दिन के समय गर्मी से सैलानी परेशान रहे। उत्तरकाशी में पारा 36 डिग्री पार होने से गर्मी से लोग बेहाल दिखे। प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी रुड़की में महसूस की गई, यहां तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि दो से तीन दिन तक प्रदेश में तापमान बढ़ सकता है। 21 जून के करीब प्री मानसून प्रदेश में सक्रिय होने की संभावना है।