न्यायाधीश थोट्टाथील भास्करन नायर राधाकृष्णन ने मंगलवार को तेलंगाना हाई कोर्ट के पहले मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ई.एस.एल नरसिम्हन ने राजभवन में आयोजित समारोह में उन्हें शपथ दिलाई। शपथ समारोह में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, अन्य न्यायाधीश, वकील और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
न्यायमूर्ति राधाकृष्णन पिछले साल जुलाई से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश दोनों राज्यों के लिए हैदराबाद में न्यायपालिका के हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे। नरसिम्हन बाद में न्यायमूर्ति प्रवीण कुमार को आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाने के लिए विजयवाड़ा रवाना हो गए।
इसके साथ ही दोनों तेलुगू राज्यों के लिए अलग हाई कोर्ट मंगलवार से कार्यशील हो जाएंगे। जून 2014 में जब आंध्र प्रदेश का विभाजन कर तेलंगाना राज्य का निर्माण किया गया था तब से हैदराबाद में न्यायपालिका का हाई कोर्ट दोनों राज्यों के लिए एक ही हाई कोर्ट के तौर पर काम कर रहा था। पिछले हफ्ते केंद्र सरकार ने दोनों राज्यों के बीच हाई कोर्ट के विभाजन के लिए एक अधिसूचना जारी की थी।