पिथौरागढ़/देहरादून : प्रदेश सरकार में संसदीय कार्य एवं विधायी, वित्त और आबकारी मंत्री रहे दिवंगत नेता प्रकाश पंत की अंतिम यात्रा में भारी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ा पड़ा। पिथौरागढ़ शहर प्रकाश पंत अमर रहे के नारों से गूंज उठा। शाम छह बजकर 16 मिनट रामेश्वर घाट पर राजकीय सम्मान के साथ स्व. पंत का अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे ने मुखाग्नि दी। इससे देव सिंह मैदान से पार्थिव शरीर खड़कोट में प्रकाश पंत के आवास पर ले जाया गया। जहां परिजनों ने उनके दर्शन किए।
दिवंगत प्रकाश पंत का पार्थिव शरीर विशेष विमान से देहरादून के बाद पिथौरागढ़ स्थित नैनी सैनी हवाई पट्टी पर पहुंचा। स्व. प्रकाश पंत का पार्थिव शरीर पिथौरागढ़ के देवसिंह मैदान में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जैसे ही उनका पार्थिव शरीर मैदान में पहुंचा गगनभेदी नारों के बीच समूचा माहौल गमगीन हो गया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मानव संसाधन एवं विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी, केन्द्रीय मंत्री अश्वनि चौबे, मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत जैसे दिग्गजों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
दिवंगत प्रकाश पंत की पार्थिव देह को श्रद्धासुमन अर्पित करने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भावुक दिखाए दिए। इससे पूर्व उनका पार्थिव शरीर शनिवार सुबह पहले दिल्ली और फिर विशेष विमान से जौलीग्रांट लाया गया। जहां पार्थिव शरीर को जौलीग्रांट हवाई अड्डे के निकट एसडीआरएफ भवन में श्रद्धाजलि एवं दर्शनार्थ रखा गया। वहां मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा राष्ट्रीय सहमहामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट समेत नेता और लोगों ने स्वर्गीय पंत को श्रद्धांजलि दी।
– सुनील तलवाड़