मुंबई पुलिस ने एक स्थानीय अदालत से कहा है कि अदाकारा तनुश्री दत्ता द्वारा नाना पाटेकर के खिलाफ दर्ज कराए गए छेड़खानी के मामले में उन पर मुकदमा चलाने के लिए उसके पास कोई सबूत नहीं है। पुलिस उपायुक्त परमजीत सिंह दहिया ने पीटीआई-भाषा को बताया कि उपनगरीय ओशीवारा पुलिस ने बुधवार को अंधेरी में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष एक ‘बी सम्मरी’ रिपोर्ट दाखिल की।

यह रिपोर्ट उस वक्त दाखिल की जाती है जब पुलिस आरोपपत्र दाखिल करने के लिए और मुकदमा चलाने का अनुरोध करने के लिए आरोपी के खिलाफ कोई सबूत नहीं पाती है। गौरतलब है कि तनुश्री ने अक्टूबर 2018 में पाटेकर के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई थी।

अदाकारा ने आरोप लगाया था कि अभिनेता ने 2008 में ‘हॉर्न ओके प्लीज’ फिल्म के सेट पर एक गाने की शूटिंग के दौरान उन्हें परेशान किया और उनके साथ बदसलूकी की। अदाकारा ने यह भी आरोप लगाया कि गाने की शूटिंग के दौरान पाटेकर ने उन्हें अनुचित तरीके से छुआ था, जबकि उन्होंने(तनुश्री ने) पहले ही साफ-साफ कह दिया था कि वह (शूटिंग के दौरान) अपने अभिनय में अश्लील या असहज गतिविधि नहीं करेंगी।


Download Android App
Download iOS App



