महाराष्ट्र में यहां एक आवासीय परिसर के मलजल उपचार संयंत्र की सफाई के दौरान दम घुटने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई। ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि कपूरवावड़ी में गुरुवार देर रात कुल आठ लोग संयंत्र की सफाई कर रहे थे, तभी वे उसमें फंस गए।
उन्होंने बताया कि उनमें से पांच को दमकल कर्मियों ने बचा लिया जबकि तीन लोगों की दम घुटने के कारण रात करीब साढ़े 12 बजे मौत हो गई। कदम ने बताया कि मृतकों की पहचान अमित पुहल (20), अमन बादल (21) और अजय बुम्बक (24) के रूप में की गई है।
उन्होंने बताया कि बचाए गए श्रमिकों को उपचार के लिए एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कपूरवावड़ी पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।


Download Android App
Download iOS App




