देश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार चीनी उत्पादों के बहिष्कार की मांग उठ रही है। तिब्बती यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में चीन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने चीन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का पुतला और चीनी झंडा जलाया।
तिब्बती यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष गोनपो धुंडुप ने कहा, आज दुनियाभर में चीन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आयोजन कर रहे हैं। हम लोगों से चीन में बने उत्पादों का बहिष्कार करने का आह्वान करते हैं।”
उन्होंने कहा, हम सभी चीनी घुसपैठियों, मानवाधिकारों के हनन और चीन की कम्युनिस्ट सरकार द्वारा झूठ और गलत सूचनाओं पर कड़ी आपत्ति जताते हैं। उन्होंने कहा कि चीन के कारण पूरे विश्व में कोविड-19 महामारी फैली और दुनिया भर में जानमाल का भारी नुकसान हुआ है।
भारत में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने चीनी वस्तुओं के बहिष्कार का आह्वान किया था। उल्लेखनीय है कि पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में 15 जून की रात को भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच एक अभूतपूर्व हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें एक अधिकारी सहित 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद से ही देश में चीन के खिलाफ लगातार प्रदर्शन जारी है।