मसूरी : पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन पर जहां पूरा विश्व स्तब्ध है, वहीं पर्यटन नगरी मसूरी में भी शोक की लहर छाई रही। यहां पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, सहित भाजपा महिला मोर्चा व मसूरी महिला विकास समिति ने शहीद स्थल पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित व मौन रहकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहीद स्थल पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की व मोमबत्तियां जलाकर अपनी नेता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल ने कहा कि सुषमा स्वराज देश की ही नहीं विश्व की नेता थी। पूरा विश्व उनकी कूटनीति व राजनीति का लोहा मानता था। वहीं उन्होंने अपने कार्यकाल में विदेश नीति को पटरी पर लाने का कार्य किया। वहीं भाजपा की उन नेताओं में सुमार थी जिनकी बदौलत आज भाजपा शीर्ष पर है। उन्होंने हमेशा मानवता को पहले माना यही कारण है कि उन्होंने अपने विदेश मंत्री रहते वहां फंसे भारतीयों को जो किसी भी जाति धर्म के थे उन्हें सुरक्षित लाने का कार्य किया, यहां तक कि पाकिस्तान के कई गरीब परिवारों के बच्चों को असाध्य रोगों का ईलाज करा कर स्वस्थ्य किया।
ऐसे महान नेता का आकस्मिक चला जाना देश ही नही विश्व ने एक महान नेता खो दिया। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की राजश्री रावत ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा ने भी सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन पर शोक सभा की व कहा कि देश ने एक ऐसा नेता खो दिया जिसकी भरपाई करना कठिन है। वहीं महिला समिति की महासचिव ममता राव ने कहा कि उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए जो कार्य किए वह हमेशा उनकी याद दिलायेंगे।
आज देश में महिलाओं को जो सम्मान मिला है वह सुषमा स्वराज के कारण मिला है उनकी मृत्यु से उपजा शून्य भरना मुश्किल है। इस मौके पर लीला कंडारी, पुष्पा पडियार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नर्मदा नेगी, केदार चैहान, सुनील रतूड़ी, मनीष कुकसाल, दीपक सोनकर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।