त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब बुधवार को कोविड-19 परीक्षण के बाद पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद वह होम क्वारिंटिन में चले गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, कोविड-19 टेस्ट में मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैंने डॉक्टरों की सलाह के अनुसार खुद को होम क्वारिंटिन कर लिया है। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि आप कोविड मानकों का पालन करें और सुरक्षित रहें।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने पिछले कुछ हफ्तों के दौरान त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव के लिए कई रैलियों एवं कार्यक्रमों में शिरकत की थी।उन्होंने जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद के लिए 6 अप्रैल को होने वाले मतदान के सिलसिले में आदिवासी इलाकों का भी दौरा किया था। राजनीतिक महत्व की दृष्टि से यह परिषद त्रिपुरा विधानसभा के बाद दूसरा महत्वपूर्ण संवैधानिक और राजनीतिक संस्थान है।
दरहसल, डॉक्टरों को संदेह है कि चुनाव अभियान के दौरान देब कोरोनो वायरस से संक्रमित हो गए होंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उनके सभी आधिकारिक और व्यक्तिगत कार्यक्रम अनिश्चित काल के लिए रद्द कर दिए गए हैं।