वेब सीरिज और क्राइम पेट्रोल और सावधान इंडिया जैसे टीवी शो में काम कर चुकी दो अभिनेत्रियों को चोरी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महामारी के दौरान काम नहीं मिलने से वे अपने घर का किराया तक नहीं चुका पा रहीं थी। आर्थिक तंगी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। अभिनेत्रियों को एक महिला से 3.28 लाख रुपये की चोरी करने के आरोप में गोरेगांव से गिरफ्तार किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी सुरभि श्रीवास्तव (25) और मोहशिना शेख (19) कई वेब सीरिज और टीवी शो में काम किया है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान काम नहीं मिलने से आरोपियों के सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गई थी और वे अपने घर का किराया तक नहीं चुका पा रहीं थी। अधिकारी ने बताया कि 18 मई को दोनों महिलाएं आरे कालोनी में अपने दोस्त के घर पर 'पेइंग गेस्ट' के तौर पर रहने चली गईं।
उन्होंने कहा कि दोनों ने वहां पेइंग गेस्ट के तौर पर रह रही एक अन्य महिला के लॉकर से 3.28 लाख रुपये चुरा लिये। अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो शक के दायरे में ये दोनों महिलाएं आईं। उन्होंने कहा कि रकम चोरी करने के बाद ये दोनों उस परिसर से हड़बड़ी में निकलीं। उन्होंने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे चोरी की रकम में से 50 हजार की राशि बरामद की गई है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 23 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
CM येदियुरप्पा ने राजनीतिक संकट से किया इंकार, कहा- कुछ लोगों का मेरे खिलाफ बोलने की है आदत
