शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने एक रैली में रविवार को भाजपा पर हमला करते हुए दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को ”किसी भी राजनीतिक गठबंधन की जरूरत नहीं” है। उद्धव ने रविवार को शिरडी और अहमदनगर में सार्वजनिक सभाएं की। वह पूरे राज्य में रैलियां कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ”जब अटल जी (अटल बिहारी वाजपेयी) की सरकार केंद्र में थी तो उन्हें कई राजनीतिक मित्रों का समर्थन प्राप्त था। (लेकिन) मौजूदा सरकार को किसी भी राजनीतिक गठबंधन की जरूरत नहीं है।” उद्धव ठाकरे ने लोगों से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए जा रहे दावों का सच तलाशने की अपील की।
उन्होंने कहा, ”मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से भाजपा नीत केंद्र सरकार की नीतियों से प्रभावित लोगों का पता लगाने के लिए कह रहा हूं। आप अपनी जानकारियों के साथ पीएम मोदी की एक तस्वीर लगाएं और लोगों को तय करने दें।” शिवसेना प्रमुख ने ”झूठ फैलाने” को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि वह चुनावी फायदे की खातिर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाती है।
तीन तलाक और एससी-एसटी एक्ट जैसी मुस्तैदी राम मंदिर पर भी दिखाए भाजपा : शिवसेना
शिरडी में एक रैली को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने भाजपा से मतभेदों के बावजूद केंद्र एवं महाराष्ट्र में भाजपा की अगुवाई वाली सरकारों में शिवसेना के साझेदार बने रहने पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा, ”मैं ऐसी चीजें कराने के लिए सत्ता में हूं जिससे लोगों को फायदा हो। मैं उनमें से नहीं हूं जो सत्ता के सामने अपनी दुम हिलाए। मैं सत्ता का भूखा नहीं हूं।”
संभवत: भाजपा पर निशाना साधते हुए उद्धव ने कहा कि झूठ फैलाकर सत्ता हासिल करना ‘देशद्रोह’ है। महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार पर निशाना साधते हुए उद्धव ने कहा कि राज्य सरकार की किसान कर्ज माफी योजना भी धोखा और छलावा साबित हुई। उद्धव ने पुष्टि की कि शिरडी से लोकसभा सदस्य सदाशिव लोखंडे 2019 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी के उम्मीदवार होंगे।


Download Android App
Download iOS App



