मिशन बंगाल पर शाह, बांकुरा में बोले-ममता सरकार के खिलाफ लोगों में भयंकर आक्रोश

Summary :

राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए अमित शाह के इस दौरे को बेहद खास माना जा रहा है। बांकुरा पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हमला किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार शाम को अपनी दो दिवसीय यात्रा के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे। राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए अमित शाह के इस दौरे को बेहद खास माना जा रहा है। गुरुवार को बांकुरा पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हमला किया। बांकुरा में बीजेपी संगठन की बैठक में हिस्सा लेने के साथ आदिवासी के घर भोजन करेंगे।
बांकुरा में राज्य की मौजूदा सरकार पर हमला करते हुए अमित शाह ने कहा, मैं लोगों की नजर में पश्चिम बंगाल में बदलाव की उम्मीद देख सकता हूं जो हमारे पीएम नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ही संभव है। ममता सरकार केंद्र सरकार की 80 से अधिक योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचने दे रही है।
उन्होंने कहा, ममता सरकार मोदी जी ने गरीबों के लिए जो पैसा भेजा है, वो उन तक पहुंचने दीजिए। स्वास्थ्य की सेवाएं पहुंचने दीजिए, शौचालय पहुंचने दीजिए, उनका घर उन तक पहुंचने दीजिए। तो शायद लोग थोड़ा बहुत आपके लिए भी सोचेंगे।
अमित शाह ने कहा, राज्य में ममता सरकार के खिलाफ भयंकर जनाक्रोश है। जिस प्रकार का दमन चक्र बीजेपी कार्यकर्ताओं के ऊपर ममता सरकार ने चलाया है। मैं निश्चित रूप से देख रहा हूं कि ममता सरकार का मृत्युघंट बज चुका है। आने वाले दिनों में यहां बीजेपी की दो-तिहाई बहुमत की सरकार बननी जा रही है।
इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दक्षिण बंगाल के जिलों के बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और अलग से वरिष्ठ नागरिकों के समूह से मिलेंगे और उनसे बातचीत करेंगे। इसके लिए संवाद स्थल रवींद्र भवन रखा गया है। इसके बाद गृह मंत्री चतुर्डिही गांव रवाना होंगे। गांव में अमित शाह एक आदिवासी परिवार के यहां भोजन करेंगे। चुर्तडिह गांव में अमित शाह के स्वागत की जोरदार तैयारी की गई है। 

Desk Team