केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा दो सौ से ज्यादा सीटें जीत कर सरकार बनाएगी। केंद्र में भाजपा की सहयोगी आरपीआई के प्रमुख आठवले ने संवाददाताओं से कहा कि वह भी पश्चिम बंगाल चुनाव में अपनी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के लिए चार से पांच सीटों की मांग करेंगे।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाल के दौरे ने यह साबित कर दिया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार के गिने-चुने दिन बचे हैं। आठवले ने कहा, “भाजपा पश्चिम बंगाल में दो सौ से अधिक सीटें जीतेगी। पार्टी वहां अगली सरकार बनाएगी।” उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी चकित हैं और हाल ही में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमले सरीखी घटनाओं से यह दिखाई देता है।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मुलाकात के बाद आठवले पत्रकारों से बात कर रहे थे। दोनों नेताओं ने मुलाकात के दौरान, तटीय राज्य में अनुसूचित जाति से संबंधित मुद्दों पर बातचीत की। आठवले ने कहा, “पश्चिम बंगाल में आरपीआई (ए) की अच्छी उपस्थिति है। राज्य में अनुसूचित जाति की जनसंख्या 36 प्रतिशत है। हम पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा से चार से पांच सीट की मांग करेंगे। मैं इस मुद्दे पर जेपी नड्डा और अमित शाह से बात करूंगा।”


Download Android App
Download iOS App



