महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी के आरोप में केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे गिरफ्तारी और जमानत के बाद गुरूवार को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए लीलावती अस्पताल पहुंचे। राणे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ विवादित टिप्पणी के बाद मंगलवार को पुलिस ने रत्नागिरी से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था जहां उन्हें देर रात जमानत दे दी गयी थी।
बता दें कि राणे ने रायगढ़ जिले में ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान कहा था, ‘‘ यह शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री को यह नहीं पता कि आजादी को कितने साल हो गए हैं। भाषण के दौरान वह पीछे मुड़ कर इस बारे में पूछते नजर आए थे। अगर मैं वहां होता तो उन्हें एक जोरदार थप्पड़ मारता।’’
राणे ने दावा किया था कि 15 अगस्त को जनता को संबोधित करते समय ठाकरे यह भूल गए थे कि आजादी को कितने साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाषण के बीच में वह अपने सहयोगियों से पूछ रहे थे कि स्वतंत्रता दिवस को कितने साल हुए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके राणे पहले शिवसेना में थे, जो बाद में कांग्रेस में गए और फिर, 2019 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।