उत्तर प्रदेश का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर और कानपुर में आठ पुलिस जवानों की हत्या के आरोपी विकास दुबे को गुरुवार की सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल मंदिर के अंदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस दुबे को ट्रांजिट रिमांड में लेने के लिये पुलिस मध्य प्रदेश के उज्जैन के लिये रवाना हो चुकी है। अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि उज्जैन में गिरफ्तार विकास दुबे को ट्रांजिट रिमांड पर उत्तर प्रदेश लाया जायेगा। उस पर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जायेगी।
उन्होने कहा कि विकास को महाकाल थाने की पुलिस ने आज सुबह गिरफ्तार किया है। वहां की पुलिस ही बता सकेगी कि उसे किन परिस्थितियों में गिरफ्तार किया गया है। उसे यहां लाया जायेगा और कानून के दायरे में रहकर जरूरी कार्रवाई की जायेगी।
काशीवासियों से बोले PM मोदी- जो शहर दुनिया को गति देता हो, उसके आगे कोरोना क्या चीज है
कुमार ने कहा कि पुलिस की सूची में शामिल हिस्ट्रीशीटर के अन्य साथियों को भी पुलिस जल्द ढूढ निकालेगी। इसमें कितना समय लगेगा, इस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी लेकिन विकास और उसके एक एक साथी पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
यूपी पुलिस के हाथ सफलता का श्रेय नहीं मिलने के सवाल पर कुमार ने कहा कि पूरे देश की पुलिस एक है। हम मध्यप्रदेश पुलिस से अलग नहीं है। इसको सफलता या असफलता से नहीं देखना चाहिये।
गौरतलब है कि पुलिस ने आज ही हिस्ट्रीशीटर के दो साथियों को कानपुर के पनकी और इटावा के कोतवाली क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया था। विकास की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस ने उसके साथियों को गिरफ्तार करने की कोशिश और तेज कर दी है।