उत्तराखंड में एक महिला ने बीजेपी विधायक महेश नेगी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इसके साथ ही महिला ने बताया कि विधायक से उसकी एक बच्ची भी है। वहीं विधायक की पत्नी रीता नेगी ने भी महिला पर अपने पति को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
महिला ने नेहरू कॉलोनी पुलिस थाने में दी अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि विधायक ने वर्ष 2016 से उसके साथ नैनीताल, दिल्ली, मसूरी तथा देहरादून आदि अलग-अलग स्थानों पर कथित तौर पर दुष्कर्म किया। महिला ने दावा किया कि विधायक से उसकी एक बच्ची भी है और उसका डीएनए टेस्ट कर सत्यता का पता लगाया जा सकता है।
महिला ने कहा है कि वह अपनी मां की बीमारी के इलाज के सिलसिले में विधायक से मिली थी। विधायक की पत्नी रीता नेगी ने आरोप लगाया है कि महिला उनके पति को बदनाम कर रही है। विधायक की पत्नी ने अपनी शिकायत में कहा है कि महिला और उसका परिवार उनके पति को ब्लैकमेल कर पांच करोड रुपए मांग रहा है।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था, अशोक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच शुरू कर दी गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी मामले को गंभीर बताते हुए आरोप लगाने वाली महिला की बच्ची का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है और कहा है कि इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
प्रीतम सिंह ने कहा, 'यह विषय बहुत गंभीर है कि एक विधायक पर एक महिला शारीरिक शोषण का आरोप लगा रही है और इस दरम्यान एक बच्ची का भी जन्म हुआ है। बच्ची का डीएनए टेस्ट कराया जाना चाहिए जिससे मामले की तह तक पहुंचा जा सके।'