कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मध्य प्रदेश के सभी शहरों में वीकेंड पर लॉकडाउन जारी है। मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक वीकेंड लॉकडाउन लागू किया है। ऐसे में लोगों को बिना वजह घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। हालांकि जरूरी सामान के लिए लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
ग्वालियर में सभी जरूरी सामान की दुकानें खुली हुई हैं। ग्वालियर में लोग जरूरी चीजों के लिए घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं पुलिस हालात पर पैनी नजर बनाए हुए है। सभी से कोरोना नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने यह सख्त फैसला लिया है।
देशभर में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में 1,52,879 ताजा मामले सामने आए हैं। फिलहाल कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1,33,58,805 हो गई है। वहीं एक दिन में 839 मौत के साथ मरने वालों का कुल आंकड़ा 1,69,275 हो गया है। देश में फिलहाल कोरोना के 11,08,087 सक्रिय मामले हैं। वहीं अब तक 1,20,81,443 मरीज ठीक हो चुके हैं।