पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष दिलीप घोष ने नागरिकता संसोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हम आपको लाठी से मारेंगे, गोली मारेंगे और जेल में भी डालेंगे।
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिलीप घोष ने कहा, ‘आप यहां आते हो, हमारा खाना खाते हो, यहां रहते हो और सार्वजनिक संपत्ति को नष्ट करते हो. क्या यह आपकी जमिंदारी है?’ उन्होंने आगे कहा कि हम आपको लाठी से मारेंगे, गोली मारेंगे और जेल में डालेंगे।
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर पश्चिम बंगाल में सीएए को लेकर विरोध के दौरान रेलवे संपत्ति और सार्वजनिक परिवहनों को नष्ट करने वालों पर लाठीचार्ज नहीं करने पर भी हमला बोला। दिलीप घोष ने कहा कि क्या ये आग लगाने वालों के पिताजी की संपत्ति है। ये करतादातों के पैसों से बनी सरकारी संपत्ति को कैसे नष्ट कर सकते हैं।
इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश, असम और कर्नाटक की सरकार आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले देश विरोधी व्यक्तियों के साथ सह व्यवहार कर रही है। जो इस आगजनी में शामिल हैं उन्हें यूपी की तरह गोली मार देंगे। इस दौरान दिलीप घोष ने दावा किया कि देश में दो करोड़ ‘मुस्लिम घुसपैठिए’ हैं।
उन्होंने कहा कि एक करोड़ अकेले पश्चिम बंगाल में हैं और दीदी (ममता बनर्जी) उन्हें बचाने की कोशिश कर रही हैं। इसके अलावा उन्होंने ने हिंदू बंगालियों के हितों से खिलवाड़ करने वालों की पहचान करने का भी आह्वान किया।