पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग, शहर की सड़कों पर ऐतिहासिक डबल डेकर बसों को एक बार फिर उतारने की तैयारी में है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नयी डबल डेकर बसें मार्च से सड़कों पर नजर आने लगेंगी।
पश्चिम बंगाल परिवहन सचिव एन एस निगम ने कहा कि बसों का ढांचा परिवहन विभाग में ही आंतरिक रूप से तैयार किया है और इनमें से दो बसें सेवा में शामिल किए जाने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा “ये खुली छतों वाली बसें होंगी और अगर डिजाइन सफल होता है तो हम और ऐसी बसें बनाने के विकल्प पर विचार करेंगे।” उन्होंने बताया कि खुली छतों वाली दो डबल डेकर बस पर्यटक सेवाओं के लिए प्रयोग की जाएंगी।
शहर के मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन के लिए इन डबल डेकर बसों के इस्तेमाल के बारे में पूछे जाने पर निगम ने कहा, “हमें उन्हें तैयार करना पड़ा क्योंकि कोई मानक डिजाइन नहीं है, हमने अपना खुद का डिजाइन तैयार किया।’’
निगम ने कहा कि खुली छत वाली बसों को शुरू करने के बाद परिवहान विकास इन बसों के ढांचों को और विकसित करेगा ताकि यह परियोजना सार्वजनिक परिवहन के लिए इस्तेमाल में आ सके।
डबल डेकर बसें राज युग के दौरान शहर की सड़कों पर उतरी थीं और लाल एवं सफेद रंग की ये बसें 1990 के मध्य तक कोलकाता के सार्वजनिक परिवहन का हिस्सा रही थी लेकिन रख-रखाव पर ज्यादा खर्च आने के चलते इनका प्रयोग बंद हो गया था।


Download Android App
Download iOS App



