मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान रविवार को इंदौर में भारतीय जनता पार्टी के ही कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। उनके बीच जमकर लात-घूंसे चले। कई कार्यकर्ताओं को चोटें आने की बात कही जा रही है। मुख्यमंत्री चौहान रविवार को जनआशीर्वाद यात्रा लेकर इंदौर पहुंचे। इस दौरान उनका जगह-जगह पर जोरदार स्वागत किया गया, कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत के लिए मंच बनाए थे। यह यात्रा इंदौर के विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी।
विधायक उषा ठाकुर के क्षेत्र में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा थे, तभी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंच से उषा ठाकुर अपनी बात कह रही थीं, उसी दौरान एक अन्य कार्यकर्ता दूसरे नेता की तख्ती लेकर पहुंच गया। इस पर दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं में विवाद हुआ, लात-घूंसे चले। इसमें दो से ज्यादा कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं।
स्कूली बच्चों को पकड़ाई भाजपा की तख़्ती, मामला दर्ज
मध्य प्रदेश के इंदौर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की हफ्ते भर पहले आयोजित चुनावी सभा में आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। इस सभा में स्कूली बच्चों को मुख्यमंत्री और सांवेर के क्षेत्रीय भाजपा विधायक की तस्वीरों वाली कथित चुनावी तख्ती के साथ बैठाया गया था। क्षिप्रा पुलिस थाने के प्रभारी अजय कुमार वर्मा ने बताया कि मांगलिया गांव में 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री की सभा में चुनाव आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन के संबंध में स्थानीय भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह धनखेड़ी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। धनखेड़ी भाजपा के मंडल अध्यक्ष हैं और वह इस सभा के प्रमुख संयोजक थे। उन्होंने बताया कि यह मामला सांवेर क्षेत्र के एक अनुविभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) की जांच रिपोर्ट के आधार पर भारतीय दंड विधान की धारा 188 (किसी सरकारी अधिकारी के आदेश की अवज्ञा) के तहत कल शनिवार को पंजीबद्ध किया गया।