किसानों के समर्थन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पंजाब में विशाल ट्रैक्टर रैली करने जा रहे हैं। यह रैली तीन से पांच अक्टूबर तक निकलेगी। इस रैली में हजारों की संख्या में किसानों के शामिल होने की उम्मीद है। रैली में पांच हजार ट्रैक्टर शामिल होंगे।
रैली में कांग्रेस के मंत्रियों, विधायकों और सभी दिग्गजों को मौजूद रहने को कहा गया है। यह रैली हरियाणा के रास्ते दिल्ली में जाकर समाप्त होगी। बता दें कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए पंजाब सरकार की ओर से प्रदेश भर में 10 हजार पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। डीजीपी दिनकर गुप्ता खुद ट्रैक्टर रैली का जायजा लेने मोगा के बधनीकलां पहुंचे।
उनके साथ लगभग 15 जिलों के एसएसपी समेत सभी बड़े अधिकारी मौजूद रहे। सीएम के सलाहकार कैप्टन संदीप संधू समेत कई दिग्गज रैली की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। बता दें कि कृषि कानूनों को लेकर इस समय पूरे पंजाब में माहौल गर्म है। इस कानून के विरोध में पंजाब की 31 किसान यूनियनें सड़कों पर उतर चुकी हैं।
पंजाब के गांवों में इन कानूनों के खिलाफ भारी आक्रोश है। हरियाणा कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी पांच अक्टूबर को कैथल और कुरुक्षेत्र जिले के पीपली में रैलियों को संबोधित कर सकते हैं. इसके बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे।