पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पाकिस्तानी महिला पत्रकार अरूसा आलम के साथ संबंधों को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। पंजाब की चन्नी सरकार ने इस मामले में जांच के आदेश दिए तो वहीं विरोधियों के तंज झेल रहे कैप्टन ने पलटवार करते हुए फेसबुक पर कई तस्वीरें जारी की। इन तस्वीरों में अरूसा आलम भारत के कई राजनेताओं और फिल्मी हस्तियों के साथ नजर आ रही हैं।
सोमवार को जारी इन तस्वीरों के साथ कैप्टन अमरिंदर ने अपने विरोधियों से सवाल किया कि क्या तस्वीर में मौजूद हर व्यक्ति के पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध हैं? अमरिंदर सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर आरूसा आलम की 14 तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उन्हें सोनिया गांधी, सुषमा स्वराज, मुलायम सिंह यादव, अमर सिंह, अश्विनी कुमार, यशवंत सिन्हा, शत्रुघ्न सिन्हा, महेश भट्ट, श्याम सरन और पूर्व सेना अधिकारी जगजीत सिंह अरोड़ा सहित अन्य हस्तियां नजर आ रही हैं।
अमरिंदर ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा- मैं विभिन्नय गणमान्य व्यक्तियों के साथ आरूसा आलम की कई फोटो शेयर कर रहा हूं। मुझे लगता है कि वह सारे भी ISI के कॉटैक्ट्स ( एजेंट) हैं। ऐसा कहने वालों को बोलने से पहले सोचना चाहिए। दुर्भाग्य से भारत और पाकिस्तान के बीच इस समय वीजा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। नहीं तो मैं उन्हें फिर से आमंत्रित करता। संयोग से मैं मार्च में 80 होने जा रहा हूं और अगले साल आरूसी आलम 69 होने जा रही हैं।’
गौरतलब है कि अरूसा आलम के साथ संबंधो को लेकर अमरिंदर सिंह अपने विरोधियों के निशाने पर हैं। पंजाब सरकार ने अरूसा आलम के आईएसआई के साथ संबंधों को लेकर भी जांच के आदेश दिए हैं। वहीं इस मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा कैप्टन पर काफी हमलावर नजर आए थे।