लुधियाना-मोगा : यहां हथियारबंद द्वारा लोगों ने चर्च की जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश से बवाल मच गया है। ईसाई समुदाय के लोग इसके विरोध में उतर आए और इससे तनाव पैदा हो गया है। चर्च की जमीन आधी रात के बाद लगभग 300 की संख्या में हथियारबंद लोगों ने जबरन कब्जा लेने की कोशिश की। इसी दौरान ईसाई समुदाय के लोगों के काफी संख्या में पहुंचने के कारण वे फरार हो गए। इस घटना से चर्च की जमीन का विवाद गहरा गया है। ईसाई समुदाय के लोगों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, यहां चर्च की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 300 हथियारबंद लोग यहां पहुंच गए और जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की। वे लोग टैक्टर ट्रालियों में ईंटों व अन्य सामान के साथ वहां पहुंचे थे। बताया जाता है कि वे वहां निर्माण कर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे।
इस बारे में पता चलते ही रात में चर्च का घंटा बजाया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग वहां पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने कब्जा करने की कोशिश कर रहे लोगों पर हमला बोल दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। मिशन स्कूल के प्रिंसिपल एलिसन ने आरोप लगाया है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने कब्जा करने आए लोगों का ही साथ दिया।
ईसाई समुदाय के लोगों के काफी ज्यादा एकत्र हो जाने के कारण कब्जा करने आए लोगों के हौसले पस्त हो गए और वे ट्रैक्टर ट्रॉली मौके पर ही छोडक़र भाग गए। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी (सिटी) पुलिस टीम के साथ पहुंचे। विवादित जगह पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
– सुनीलराय कामरेड