पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का एक सप्ताह के भीतर खुलासा हो जाएगा, पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को राज्य के लोगों से सीएम के लिए अपनी पसंद का नाम देने को कहा। दरअसल, चंडीगढ़ में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के पंजाब अध्यक्ष भगवंत मान और राज्य प्रभारी राघव चड्ढा के साथ केजरीवाल ने ‘जनता चुनेगी अपना सीएम’ अभियान शुरू किया।
फोन कॉल कर पुंजाब के मतदाता चुन सकते हैं अपना CM उम्मीदवार
बता दें कि आप के इस जनता चेंगी अपना सीएम अभियान में मतदाता एक फोन नंबर (7074870748) पर कॉल कर सकते हैं और अपनी पसंद के मुख्यमंत्री का नाम बता सकते हैं। यह अभियान 17 जनवरी की शाम तक जारी रहेगा। केजरीवाल ने कहा कि “अक्सर, यह देखा जाता है कि कुछ पार्टियों में राजनेताओं के रिश्तेदारों को सीएम का चेहरा बनाया जाता है। भगवंत मान हमें बहुत प्रिय हैं। वह मेरे छोटे भाई और पार्टी के सबसे बड़े नेता हैं। हमने तय किया था कि उन्हें सीएम चेहरा होना चाहिए, लेकिन उन्होंने कहा कि लोगों को अपना सीएम चुनना चाहिए।”
भगवंत मान ने दिया था जनता के मन का CM चुनने का सुझाव
इस मौके पर भगवंत मान ने कहा कि केजरीवाल ने सुझाव दिया था कि उनके नाम को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया जाए। “हालांकि, मैंने सुझाव दिया कि राज्य के लोगों से पूछा जाना चाहिए की उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में किसे देखना है। केजरीवाल ने मेरा सुझाव मान लिया। लोगों को उनकी पसंद का सीएम दिया जाएगा।” केजरीवाल ने कहा कि पार्टी के लिए पंजाब और उसके 3 करोड़ निवासी बहुत महत्वपूर्ण हैं।
टिकट बेचने के आरोपों पर केजरीवाल ने मांगा सबूत
पटियाला के एक पूर्व आप कार्यकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों के बारे में पूछे जाने पर केजरीवाल ने कहा, “मुझे लाई डिटेक्टर टेस्ट के लिए क्यों जाना चाहिए? क्या उन्होंने आपको आरोपों के बारे में कोई सबूत दिया है? मैं सबूत मांग रहा हूं। आप अपनी पत्रकारिता को आरोपों पर आधारित कर रहे हैं।” दरअसल आप कार्यकर्ता ने दावा किया था कि आम आदमी पार्टी में पैसों के बदले टिकट दिए जा रहे हैं और इसके साथ ही उन्होंने लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने की पेशकश की थी।


Download Android App
Download iOS App



