भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने गुरुवार को अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल से मुलाकात की। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के बादल गांव स्थित अकाली दल के नेता के घर जाकर नड्डा ने राज्य में राजग को मजबूत करने पर विचार किया। बादल के पैतृक गांव के नड्डा के दौरे के कुछ दिन पहले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार चलाने के लिए अल्पसंख्यकों को साथ लिया जाना चाहिए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं की बंद कमरे में करीब एक घंटे तक बैठक चली। यह बैठक महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल में भाजपा और उसके सबसे पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के बीच संशोधित नागरिकता संशोधन कानून को लेकर मतभेद उभर कर सामने आए थे और उसके बाद अकाली दल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की थी।बैठक के बाद नड्डा ने कहा कि वह अपने बेटे की शादी के लिए व्यक्तिगत निमंत्रण देने की खातिर अनुभवी नेता से मिलने गए थे।उन्होंने कहा, बादल परिवार के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा, "आज भारत के सबसे सम्मानित राजनेताओं में से एक माननीय श्री प्रकाश सिंह बादल साहब से सौजन्य भेंट। बादल साहब से मिलना हमेशा हमें प्रेरणा देता है।" नड्डा के साथ भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा भी थे जो पंजाब के पार्टी प्रभारी भी हैं। बादल गाँव पहुँचने पर नड्डा का फूलों और पारंपरिक भांगड़ा के साथ भव्य स्वागत किया गया। भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद उनकी यह पहली पंजाब यात्रा थी।Paid courtesy visit to Honourable Shri Parkash Singh Badal Sahab, one of India’s most respected statesmen today. Meeting with Badal Sahab always inspire us. pic.twitter.com/xIbr74FM6s
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) February 20, 2020