पंजाब में चुनाव से पहले सियासी हलचल शुरू हो गई है। मशहूर सूफी गायक के बेटे बूटा मोहम्मद सुबह लुधियाना में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हो गए। बीजेपी ज्वाइन करने के कुछ ही घंटों बाद बूटा मोहम्मद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ नजर आए। इसके साथ ही उनके बीजेपी में शामिल होने को लेकर कन्फ्यूजन पैदा हो गया, हालांकि उन्होंने इस कन्फ्यूजन को खत्म करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हाल ही में अपनी नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई है। उन्होंने अपनी इस पार्टी में कई लोगों को ज्वाइन भी करवाया है। पंजाब लोक कांग्रेस ने पंजाबी गायक के साथ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में गायक पूर्व सीएम अमरिंदर से सिरौंपा (पार्टी मफलर) लेते नजर आ रहे हैं।
इन तस्वीरों पर बूटा मोहम्मद ने स्पष्ट किया कि वह कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यक्रम में केवल अपने दोस्त सरदार अली के साथ गए थे, जो कि एक गायक भी है, लेकिन वह पंजाब लोक कांग्रेस में शामिल नहीं हुए है। अमरिंदर के साथ सामने आई तस्वीरों से अटकले लगने लगी थीं कि बूटा पंजाब लोक कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
बूटा मोहम्मद पंजाब में सूफी गायकों के परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता, स्वर्गीय सरदार मोहम्मद, एक प्रसिद्ध गायक और संगीतकार थे। बूटा मोहम्मद ने अपने पिता और चाचा से संगीत सीखा। उनके भाई भी गायक हैं।


Download Android App
Download iOS App



