लुधियाना-मालेरकोटला : एश्यिा की सबसे बड़ी और खूबसूरत ईदगाह मालेरकोटला में हजारों की संख्या में मुस्लिम भाईचारे के लोगों द्वारा त्याग और कुर्बानी के प्रतीक ईद -उल-जुह़ा के पवित्र त्यौहार के अवसर पर नमाज अदा की गई। हालांकि इस अवसर पर ईदगाह की मीनार से पंजाब सरकार के किसी भी मंत्री, विधायक और सरकारी अधिकारी द्वारा ईद की मुबारकबाद नहीं दी गई। उधर, पंजाब के कादियां, बटाला समेत औद्योगिक नगर लुधियाना, जालंधर और सीमावर्ती जिले अमृतसर में भी मुस्लिम भाईचारे के लोगों के साथ हिंदू और सिखों ने एक दूसरे को मुबारकबाद दी।
आज यहां पंजाब की इतिहासिक जामा मस्जिद लुधियाना में हजारों मुस्लमानों में पंजाब के शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी की इमामत में ईद की नमाज अदा की। इस मौके पर जामा मस्जिद में ईद मिलन का राज्य स्तरीय समारोह भी आयोजित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान लुधियानवी ने कहा कि आज का दिन हमें अल्लाह तआला के नबी हजरत इब्राहिम की ओर से अपने रब का हुक्म मानते हुए दी गई कुर्बानी की याद दिलाता है।
ईद के मौके पर दुल्हन सी सजी मस्जिदें
शाही इमाम ने कहा कि हम दुनिया को बताना चाहते है कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम के समय जालीम अंग्रेज सरकार के खिलाफ सारी कौमों के साथ-साथ मुस्लमानों की ओर से दी गई कुर्बानियां इसी जज्बे की प्रेरणा थी। उन्होंने कहा कि आज भी भारत का मुस्लमान देश की रक्षा के लिए कुर्बान होने को तैयार है। शाही इमाम ने कहा कि देश में धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोग इस बात को समझने की उनकी फिरकापरस्ती कभी कामयाब नहीं हो सकती क्योंकि भारत हमेशा ही धर्म निरपेक्ष देश रहा है। शाही इमाम ने कहा कि आज समय है कि केरल में बाढ़ पीडि़तों के लिए सभी देशवासी आगे आएं। उन्होनें कहा कि आज नमाजियों को चाहिए कि कुर्बानी देने के बाद सबसे पहले केरल बाढ़ पीडि़तों को सहायता राशि भेजें।
इस मौके पर मुस्लिम भाईचारे को संबोधित करते हुए विधायक संजय तलवाड़ ने कहा कि इस देश में ईद उल जुहा का त्यौहार सभी धर्मों के लोग मिल-जुल कर मनाते है। उन्होंने कहा कि पंजाब की इस धरती पर आज लाखों मुस्लमान खुदा के आगे सजदा कर रहे हैं यह हमारे लिए गर्व की बात है। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक तलवाड़ ने कहा कि आज के दिन हमारे मुस्लमान भाई अल्लाह के नबी हजरत इब्राहिम की याद को ताजा करते हैं और अल्लाह के रास्ते में कुर्बानी करते है। उन्होंने कहा कि लुधियाना शहर की जामा मस्जिद वह ऐतिहासिक जगह है, जहां से स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के खिलाफ फतवा जारी किया गया था।
विधायक सुरिन्द्र डाबर ने कहा कि पंजाब की धरती पीरों और पैगम्बरों की धरती है। यहां पर सभी धर्मों के लोग आपस में मिलजुल कर रहते है और एक-दूसरे का त्यौहार आपसी भाईचारे के रूप में मनाते है। इस मौके पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह गाबडिय़ा ने अपने मुस्लिम भाईयों को ईद की मुबारकवाद देते हुए कहा कि आज का दिन बड़ी ही बरकतों वाला दिन है। आज के दिन मुस्लमान अपने खुदा को राजी करने के लिए अल्लाह के रास्ते में कुर्बानी देते है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष अकाली दल (ब) रणजीत सिंह ढिल्लों ने भी मुस्लिम भाईचारे को ईद की मुबारकवाद दी और कहा कि ईद का पवित्र त्यौहार हम सब कों अपने देश के प्रति कुर्बानी देने के लिए प्रेरित करता है। इस अवसर पर नायब शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उसमान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि मुस्लमान ईमान के जज्बे के साथ हर समय देश और कौम के लिए कुर्बानियां देते आ रहे हैं और यह सिलसिला चलता रहेगा। नायब शाही इमाम ने कहा कि मुस्लमान जिंदा कौम है और अपने वजूद से लेकर आज तक इस्लाम बढ़ता ही जा रहा है।
इस राज्य स्तरीय समारोह में अपने मुस्लिम भाईयों को ईद की मुबारकबाद देने के लिए विधायक राकेश पांडे, पूर्व मेयर हरचरण सिंह गोहलवडिय़ा, गुरूद्वारा दुख निवारण साहिब के मुख्य सेवादार प्रितपाल सिंह, विधायक पुत्र व पार्षद हरकरण सिंह वैद, पूर्व पार्षद परमिंदर मेहता, गुलाम हसन कैसर, बलजीत सिंह बिन्द्रा, अशोक गुप्ता, शरनजीत सिंह मिड्डा व शाही इमाम के मुख्य सचिव मुहम्मद मुस्तकीम ने कहा कि ईद उल जुहा का त्यौहार हम सब को आपसी भाईचारे और अपने देश के प्रति कुर्बानी देने के लिए प्रेरित करता है। वर्णनयोग है कि आज ईद उल जुहा के अवसर पर लुधियाना शहर में तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर नमाज अदा की गई और भारी संख्या में लोगो ने कुर्बानियां कीं, बच्चों में ईद को लेकर बहुत जोश पाया जा रहा था।
– रीना अरोड़ा