पंजाब में गुरुवार दोपहर को लुधियाना कोर्ट परिसर में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि विस्फोट लुधियाना में जिला एवं सत्र अदालत परिसर की दूसरी मंजिल पर स्थित एक शौचालय में दोपहर करीब 12 बजकर 22 मिनट पर हुआ। इस घटना के बाद पूरे पंजाब में हाई अलर्ट जारी है। मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंच रहे हैं।
हड़ताल के कारण ने नही थे ज्यादा लोग मौजूद
वकीलों की हड़ताल के कारण विस्फोट के समय अधिक लोग मौजूद नहीं थे।घायलों में एक की पहचान अधिवक्ता आर.एस. मांड के रूप में हुई है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और कोर्ट परिसर खाली करा दिया गया है। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और खिड़की के शीशे टूट गए।
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि वह जल्द ही लुधियाना पहुंचेंगे। चन्नी के हवाले से कहा गया, लुधियाना में एक विस्फोट हुआ है। मैंने एक बैठक पूरी कर ली है और मैं जल्द ही लुधियाना जाऊंगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चूंकि राज्य में चुनाव नजदीक हैं और सरकार ऐसी घटनाओं को लेकर सतर्क है।
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस को मामले की तह तक जाना चाहिए। अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, लुधियाना कोर्ट परिसर में विस्फोट की खबर परेशान करने वाली है। दो लोगों की मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। घायलों के ठीक होने के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। पंजाब पुलिस को इसकी तह तक जाना चाहिए।
चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा मामला
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह की घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच NIA को सौंपने का फैसला लिया गया है। सार्वजनिक जगहों की सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया गया है। इससे पहले बेअदबी के कई मामलों को देखते हुए धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया था। इन घटनाओं को विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
घटना पर बोलते हुए पंजाब सीएम चन्नी ने कहा, “पहले यहां बेअदबी के प्रयास किए गए। जब उसके बाद भी अशांति पैदा करने में सफलता नहीं मिल पाई तो अब ऐसी घटनाओं का सहारा लिया जा रहा है। जैसे-जैसे चुनाव करीब आ रहा है। इस तरह की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। सरकार सतर्क है और हम लोगों से भी अपील करते हैं कि वे सतर्क रहें।”