लुधियाना : पंजाब के लुधियाना शहर में स्थित दाना मंडी में चल रहे शाहीन बाग प्रदर्शन का आज 32वें दिन तेज बारिश और ठिठुरती ठंड के बीच भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रदर्शन जारी रखा।
प्रदर्शन में मजलिस अहरार इस्लाम हिंद की सदस्य असमा खातून ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में जब से मोदी सरकार आई है तेजी के साथ अर्थव्यवस्था गिर रही है, विकास के काम रुके हुए हैं, बेरोजगारी बढ़ रही है। असल मुद्दों से आंखें चुराने के लिए और जनता का ध्यान भटकाने के लिए मोदी सरकार ने सीएए, एनआरसी और एनपीआर का मुद्दा उठाया है। लेकिन वह यह क्यों भूल रहे हैं कि गरीब को जब भूख लगती है तो उसे एनआरसी, सीएए नहीं, दो वक्त की रोटी चाहिए जो आज मोदी सरकार उपलब्ध कराने में पूरी तरह नाकाम हो गई हैं।
असमा खातून ने आगे कहा कि मौसम की तब्दीली आंदोलनों को रोक नहीं सकती यह हमारा हौसला बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यूपी सरकार और दिल्ली में भाजपा प्रशासित पुलिस ने जिस अंदाज के साथ आंदोलनकारियों पर अत्याचार किए हैं, उससे भी यह आंदोलन नहीं रुक पाया और इतिहास इस बात का साक्षी रहेगा कि केंद्र की सरकार ने सरकारी तंत्र के बल पर अपना एक कानून पास करवाने के लिए कितने बेकसूरों लोगों पर अत्याचार किए और कितने ही लोग घरों से बेघर हो गए।
खातून ने कहा कि भारत का इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सत्ता पक्ष की ही बातें कर रहा है मीडिया लोकतंत्र का एक स्तंभ है और खुदा का शुक्र मनाए कि सभी राज्यों के अखबार व राज्यों के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने लोकतंत्र के स्तंभ की लाज रखी हुई है। आज प्रदर्शनकारियों को प्रधान सूरज अंसारी, जमालुदीन अंसारी,अकील अहमद,कलीम अंसारी,मौलाना हबीब उर रहमान,तय्यब मास्टर,खालिद रजा,मुहम्मद हारून,मुहम्मद इकराम उल हक़ ने भी संबोधित किया।
-रीना अरोड़ा