पंजाब में कांग्रेस पार्टी में सियासी घमासान जारी है। नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष पद छोड़े जाने के बाद पार्टी के सांसद मनीष तिवारी ने चिंता जाहिर की है।
बुधवार को मनीष तिवारी ने कहा कि पंजाब में जो घटनाक्रम पिछले कुछ दिनों में घटा, वो दुर्भाग्यपूर्ण था। अगर पंजाब की अस्थिरता पर किसी को खुशी है तो वो पाकिस्तान को है। उनको लगता है कि पंजाब में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ती है तो उनको फिर अपने काले मंसूबों को अंजाम देने का एक और मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुझे ये बात कहने में बिल्कुल भी संकोच नही है कि जिन लोगों को ज़िम्मेदारी दी गई थी वो पंजाब को समझ नहीं पाए… चुनाव एक पहलू है पर राष्ट्र हित दूसरा पहलू है। पंजाब की राजनीतिक स्थिरता को बहाल करने की ज़रूरत है।
बता दें कि बीते कुछ महीनों से पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से सिद्धू की तकरार चल रही थी। बाद में कैप्टन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का सीएम बनाया। माना जा रहा था कि पंजाब में कांग्रेस ने सबकुछ ठीक कर लिया है। हालांकि, अब सिद्धू ने इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया है।