पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने जालंधर से विधायक और भारतीय हाकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया है। सिद्धू ने इस सबंध में सोमवार सुबह ट्वीट जारी कर जानकारी दी। इस संबंध में जारी पत्र उन्होंने ट्वीट किया। पत्र में कहा गया है, ‘ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत की स्वीकृति के बाद मैंने परगट सिंह को तुरंत प्रभाव से पंजाब कांग्रेस कमेटी का महासचिव नियुक्त किया है। ‘
— Navjot Singh Sidhu (@sherryontopp) August 16, 2021
परगट सिंह को नवजोत सिंह सिद्धू का करीबी माना जाता है। इससे पहले सिद्धू ने अपने चार सलाहकार नियुक्त किए थे। हालांकि उनमें से एक पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा ने सिद्धू का आफर ठुकरा दिया था और उनका सलाहकार बनने से इन्कार कर दिया था। परगट सिंह को महासचिव नियुक्त कर सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस में बड़ा संकेत दिया है और साफ कर दिया है कि संगठन में अब उनकी ही चलेगी।
सियासत में परगट सिंह और नवजाेत सिंह सिद्धू साथ रहे हैं। सिद्धू ने 2017 में भारतीय जनता पार्टी छाेड़ने के बाद परगट सिंह और बैंस ब्रदर्स के साथ मिलकर मोर्चा बनाया था। इसके बाद दाेनों के साथ ही आम आदमी पार्टी में शामिल होेने की चर्चाएं चली थीं। बाद में दोनों कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पहले परगट सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डा. नवजोत कौर सिद्धू के साथ कांग्रेस की सदस्यता ली थी औरबाद में नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस में शामिल हुए थे।
परगट सिंह लगातार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते रहे हैं और एक के बाद एक मुद्दे उठाते रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के विवाद में भी वह हमेशा सिद्धू के साथ खड़े रहे व उनका खुलकर समर्थन करते रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा था कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद सिद्धू हर हालात में परगट सिंह को अहम जिम्मेदारी देंगे।