पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी के खिलाफ हमला बोला। उन्होंने विधानसभा चुनाव में मिली हार के लिए माफिया राज को जिम्मेदार ठहराया। दावा किया कि पार्टी 5 साल के माफिया राज की वजह से हारी है। इससे पहले कांग्रेस नेता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को "रबर का गुड्डा" करार देते हुए विपक्ष के आरोप को सही ठहराया कि दिल्ली से आप का नेतृत्व राज्य में सरकार चला रहा है।
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस को नवीनीकरण करना होगा। डंके की चोट पर कहूंगा कि कांग्रेस 5 साल के माफिया राज की वजह से हारी। मैं इस माफिया राज के खिलाफ लड़ता रहा। यह लड़ाई सिस्टम के खिलाफ थी। कुछ लोगों का धंधा था, जो राज्य को दीमक की तरह खा रहा था। इसमें CM भी शामिल थे।
अमरिंदर सिंह वड़िंंग ने संभाला पंजाब कांग्रेस का भार, समारोह में नहीं पहुंचे सिद्धू
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह वड़िंग ने आज कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर आयोजित समारोह में अमरिंदर सिंह वड़िंंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद और भारत भूषण आशु ने कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। बता दें कि इस समारोह में पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू मौजूद नहीं रहे।
विपक्ष के दावे को सिद्धू ने बताया सही
सिद्धू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को ‘‘रबर का गुड्डा’’ करार देते हुए विपक्ष के उस आरोप को सही ठहराया जिसमें कहा गया कि पंजाब सरकार को दिल्ली से आम आदमी पार्टी (आप) का नेतृत्व चला रहा है। उन्होंने दावा किया कि मान सरकार के आने के बाद पंजाब में कानून व्यवस्था में ‘‘भारी गिरावट’’ आई है।