पंजाब के मंत्री एवं कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने खुद को अहम स्थानीय शासन विभाग से हटाए जाने के कुछ दिन बाद पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से सोमवार को दिल्ली में मुलाकात की और उन्हें राज्य की “स्थिति” से अवगत कराया।
नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया, “कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की, उन्हें अपना पत्र सौंपा, उन्हें स्थिति से अवगत कराया।” क्रिकेटर से नेता बने सिद्धू ने राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के साथ अपनी एक तस्वीर भी पोस्ट की।

पंजाब मंत्रिमंडल में फेरबदल में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सिद्धू से स्थानीय शासन और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभागों का कार्यभार ले लिया था। इसके बाद सिद्धू ने पिछले सप्ताह राहुल गांधी से मिलने की कोशिश की थी। उन्हें ऊर्जा और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा से कांग्रेस आने वाले सिद्धू ने इससे पहले कैबिनेट की बैठक में भाग नहीं लिया था और इसके बजाए बृहस्पतिवार को अपने आधिकारिक आवास पर मीडिया से बात की थी।
सिंह और सिद्धू के बीच तनाव पिछले महीने उस समय सामने आया था, जब मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव में पंजाब के शहरी इलाकों में कांग्रेस के ‘‘खराब प्रदर्शन’’ के लिए सिद्धू को दोषी ठहराया था। सिद्धू ने बृहस्पतिवार को कहा था कि उनके विभाग को ‘‘सार्वजनिक तौर पर निशाना’’ बनाया जा रहा है। उन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता।


Download Android App
Download iOS App



