केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के कारण किसानों के द्वारा बुलाए गए भारत बंद के बीच 8 दिसंबर यानि आज अकाली दल के नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का जन्मदिन है। इस वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रकाश सिंह बादल को उनके जन्मदिन की बधाई दी है। जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी ने बधाई के लिए पूर्व सीएम प्रकाश बादल को फोन किया।
बता दें कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का जन्म 8 दिसंबर 1927 को हुआ था। वो लंबे समय तक पंजाब के मुख्यमंत्री रहे हैं। प्रकाश बादल के नेतृत्व में शिरोमणि अकाली दल लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सहयोगी भी रही है। हाल ही में जब संसद से 3 कृषि कानून पास किए गए तो अकाली दल ने बीजेपी सरकार से समर्थन वापस ले लिया। इसके साथ ही प्रकाश सिंह बादल के बेटे सुखबीर बादल की पत्नी हरसिमरत बादल ने मोदी कैबिनेट से इस्तीफा भी दे दिया था। इस कारण किसानों के मसलों पर अकाली दल एनडीए से अलग हो गया।
अब जब किसान संगठनों द्वारा भारत बंद बुलाया गया है तो इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रकाश सिंह बादल को फोन कर जन्मदिन की बधाई दी है। बता दें कि इससे पहले किसानों के मामले में प्रकाश सिंह बादल ने खुद पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी थी। चिट्ठी में प्रकाश सिंह बादल ने आपातकाल जैसे शब्दों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी से टकराव खत्म करने की बात कही थी। साथ ही लिखा था कि संवाद, समाधान और सहमति ही लोकतंत्र की नींव है। बादल ने लिखा था कि संवाद से टकराव को खत्म किया जा सकता है।