लुधियाना : आज यूथ कांग्रेस के हो रहे संगठनात्मक चुनावों के दौरान लुधियाना में कांग्रेस के 2 धड़ों में आपसी लड़ाई के दौरान गोलियां चलने की खबर मिली है। जबकि अमृतसर में भी कांग्रेसियों के आपस में भिडऩे की सूचना मिली है। अमृतसर में जाली वोटिंग को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। यहां से विधायक सुनील दत्ती के बेटे आदित्य दत्ती जो यूथ कांग्रेस के जिला प्रधान का चुनाव लड़ रहे है, उनके विरोधी गुट जो कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश सोनी के समर्थक है, के बीच गाली-गलौच और टकराव होते-होते टला।
उधर प्राप्त जानकारी के अनुसार लुधियाना में हो रहे चुनावों के दौरान मॉडल टाउन स्थित जंज घर में यूथ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा आज वोटिंग हो रही थी कि इस दौरान यूथ कांग्रेसी आगुओं के 2 गुट आपस में उलझ गए और देखते ही देखते इनमें हो रही तू-तू मैं-मैं लड़ाई के मैदान में तबदील हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी भारी संख्या में फोर्स लेकर पहुंच गए थे।
यह भी पता चला है कि एक गुट ने हवा में पांच फायर किये। मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में तीखी झड़प हो गई, जिसके कारण पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और कांग्रेसी पार्षद गुरप्रीत गोपी नाम के युवक को हिरासत में ले लिया। हालांकि कांग्रेस नेताओं के दवाब के चलते बाद में उसे छोड़ दिया गया।मौके पर डीसीपी अश्वनी कपूर पुलिस अधिकारीयों व भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे।
इलाके में तनाव का माहौल के दौरान कांग्रेसियों ने पुलिस पर धक्केशाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। डीसीपी अश्वनी कपूर का कहना है कि सुबह वोटिंग शुरू होने से लेकर यहां पुलिस को तैनात किया गया है। बाकायदा वोटरों के शिनाख्ती पत्र जांचने के बाद अंदर जाने दिया जा रहा है। किसी तरह की जाली वोटिंग नहीं हुई है। पुलिस वीडियोग्राफी करा रही है जांच में फायरिंग की बात सामने नहीं आई है। उधर पीडि़त पक्ष का आरोप है गोली चलाने वाले ने अवैध पिस्तौल का इस्तेमाल किया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है। पीडि़त पक्ष का कहना है कि दूसरे पक्ष ने झड़प के बाद हवा में पांच फायर करके दहशत फैला दी थी जिसके बाद उन्हें मजबूरन विरोध में उतरना पड़ा।
-सुनीलराय कामरेड