पंजाब विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझान में दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) अन्य सभी दलों को पछाड़ते हुए तेजी से आगे निकल रही है। आम आदमी पार्टी 89 सीटों पर और शिरोमणि अकाली दल 7, कांग्रेस-13 और 8 सीट पर अन्य आगे चल रहे हैं। पार्टी के इस जोरदार प्रदर्शन पर आम आदमी पार्टी के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा गदगद हैं।
आप नेता राघव चड्ढा ने कहा कि "मैं पहले दिन से कह रहा था कि आप पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी... पंजाब पर दशकों तक शासन करने वाले लोगों का सिंहासन हिल रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अरविंद केजरीवाल बीजेपी के मुख्य प्रतिद्वंद्वी होंगे और आप कांग्रेस की जगह होगी।"
उन्होंने कहा, "हम 'आम आदमी' हैं लेकिन जब 'आम आदमी' उठता है तो सबसे शक्तिशाली सिंहासन भी हिलते हैं। आज भारत के इतिहास में महत्वपूर्ण दिन है, सिर्फ इसलिए नहीं कि आप एक और राज्य में जीत रही है, बल्कि इसलिए कि यह एक राष्ट्रीय ताकत बन गई है।"
पंजाब में AAP का दिल्ली वाला प्रदर्शन
पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त उलटफेर करते हुए दिल्ली वाला प्रदर्शन कर दिखाया है। पंजाब में सीएम चन्नी , पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रकाश सिंह बदल और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू अपनी-अपनी सीटों पर पीछे चल रहे है। आप के मुख्यमंत्री पद का चेहरा और मौजूदा उम्मीदवार भगवंत मान धुरी से आगे चल रहे हैं, जहां से वह पहली बार किस्मत आजमा रहे हैं।