पंजाब में विधानसभा चुनाव की 117 सीटों के लिए वोटिंग सुबह सात बजे से जारी है। राज्य के 2.14 करोड़ मतदाता कुल 1304 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद कर देंगे। इस बीच मतदान करने से पहले सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘मैंने गुरुद्वारे में अरदास की है कि पंजाब में एक अच्छी सरकार बने, विकास हो और प्रदेश में राम राज्य स्थापित हो। जनता और भगवान जो करेगा वही अच्छा होगा।’ मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह चमकौर साहिब स्थित कतलगढ़ साहिब गुरुद्वारे दर्शन किए और फिर उन्होंने पास में एक शिव मंदिर में रुद्राभिषेक किया।
भगवंत मान ने मोहाली में डाला वोट
सीएम चन्नी ने आगे ‘आप’, अकाली दल व भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा ,”अकाली और बीजेपी आपस में मिल गए हैं और यह एक साथ खेल रहे हैं। कांग्रेस सरकार बनाने के बाद जनता की ईमानदारी से सेवा होगी। उन्होंने कहा, दो सीटों से चुनाव लड़ रहा हूं। जितने के बाद तय किया जाएगा वहीं अगले 5 साल मिलने पर मैं 111 दिन से बहतर काम करूंगा। चन्नी के अलावा ‘आप’ के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने मोहाली में वोट डाला। वह संगरूर के धूरी से चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरी ओर पंजाब की जनता सुबह से ही मतदान केंद्रों में मतदान करने पहुंच चुके हैं। चुनाव को पूरी तरह शांतिपूर्ण कराने के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।
राज्य के मतदाताओं के आकड़ें
राज्य में पोलिंग स्टेशनों वाले 14,684 स्थानों पर कुल 24,689 पोलिंग स्टेशन और 51 सहायक पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 2013 की पहचान गंभीर और 2,952 संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों के तौर पर की गई है। इसके अलावा 1,196 मॉडल पोलिंग स्टेशन, 196 महिला संचालित पोलिंग स्टेशन और 70 दिव्यांगों द्वारा संचालित पोलिंग स्टेशन होंगे। सभी पोलिंग स्टेशनों की वेबकास्टिंग की जा रही है। दरअसल राज्य में कुल 21,49,9804 वोटर हैं, जिनमें 11,29,8081 पुरुष, 10,20,0996 महिला और 727 ट्रांसजेंडर हैं। 117 हलकों में 1304 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 1209 पुरुष, 93 महिला और दो ट्रांसजेंडर शामिल हैं। इन उम्मीदवारों में से 231 राष्ट्रीय पार्टियों, 250 प्रांतीय पार्टियों, 362 गैर-मान्यता प्राप्त पार्टियों से संबंधित और 461 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।