चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने गुरुवार को विनी महाजन को हटाकर उनकी जगह अनिरुद्ध तिवारी को मुख्य सचिव नियुक्त किया है। तिवारी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1990 बैच के अधिकारी हैं और फिलहाल विकास, खाद्य प्रसंस्करण और बागवानी विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं।
सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने सुबह इस फैसले पर अपनी मुहर लगाई है और इसको लेकर आदेश जारी हो गया है। इसके अलावा वरुण रुजम को उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को स्पेशल प्रिंसिपल सेक्रेटरी बनाया गया है। वह इस समय मार्कफेड के एमडी हैं। यह चार्ज भी उनके पास रहेगा।
1987 बैच की अधिकारी महाजन को पिछले साल अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था और वह राज्य में इस पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला अधिकारी थीं। महाजन को अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता था, जिन्होंने पिछले हफ्ते कांग्रेस में सत्ता संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कार्यभार संभालने के बाद से ही चर्चा शुरू हो गई थी कि पंजाब का नया मुख्य सचिव बनाया जाएगा। इसके लिए अनिरूद्ध तिवारी सहित एक अन्य अधिकारी का नाम चर्चा में था। इस संबंध में पंजाब सरकार की ओर से आदेश जारी हो गया है। वह मौजूदा चीफ सेक्रेटरी विनी महाजन की जगह लेंगे।