कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सिंगर के माता-पिता से भी अकेले में बातचीत की। इस दौरान राहुल ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शांति बनाए रखना उसके बस की बात नहीं।
कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि मंगलवार सुबह चंडीगढ़ हवाईअड्डे पर उतरने के बाद राहुल सीधे पंजाब के मानसा जिले स्थित मूसेवाला के पैतृक गांव मूसा पहुंचे और उनके परिवार के साथ लगभग 50 मिनट बिताए। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला को पुष्पांजलि भी अर्पित की। पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और पूर्व उप मुख्यमंत्री ओपी सोनी सहित कई अन्य कांग्रेस नेता भी राहुल के साथ मूसेवाला के गांव पहुंचे।
राहुल ने मूसेवाला के परिजनों से मुलाकात की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला जी के माता-पिता जिस दुख से गुजर रहे हैं, उसे बयां करना मुश्किल है। उन्हें इंसाफ दिलाना हमारा फर्ज है और हम उन्हें इंसाफ दिलाकर रहेंगे।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से भंग हो चुकी है। पंजाब में अमन और शांति बनाए रखना ‘आप’ सरकार के बस की बात नहीं है।’’ सूत्रों के मुताबिक, राहुल के दौरे के मद्देनजर मूसेवाला के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला जी के माता-पिता जिस दुःख से गुज़र रहे हैं उसे बयान करना मुश्किल है। इन्हें इंसाफ दिलाना हमारा फ़र्ज़ है, और हम दिला कर रहेंगे।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 7, 2022
राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से भंग हो चुकी है। पंजाब में अमन और शांति बनाये रखना AAP सरकार के बस की बात नहीं है। pic.twitter.com/IGoU5ugzgZ
विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे सिंगर
सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को मानसा में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जब यह वारदात हुई थी, तब राहुल विदेश में थे और वह पिछले सप्ताह स्वदेश लौटे हैं। मूसेवाला पिछले साल दिसंबर में कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्होंने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से कांग्रेस के टिकट पर किस्मत आजमाई थी, लेकिन वह चुनाव जीतने में असफल रहे थे। विभिन्न पार्टियों के नेता और प्रमुख हस्तियां मूसेवाला के परिजनों से मिलने और उनके प्रति संवेदना जताने के लिए मूसा गांव का दौरा कर रही हैं।