हरियाणा के करनाल में शनिवार को किसानों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ आज लुधियाना में ‘रास्ता रोको’ आंदोलन किया गया। आंदोलन में महिलाओं ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। इस दौरान केवल अत्यावश्यक सेवाओं वाले वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी गई।
करनाल की घटना के विरोध में पंजाब की विभिन्न किसान यूनियनों ने आज प्रदेश के सभी हाइवे जाम करने का आह्वान किया था। इसीके तहत आज लुधियाना में फिरोजपुर हाइवे जाम किया गया। उग्राहां किसान यूनियन नेता चरण सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के ‘किसान विरोधी‘ रुख के कारण पार्टी नेताओं का विरोध और उनके कार्यक्रमों का बहिष्कार जारी रहेगा।
दरअसल, करनाल में बसताड़ टोल पर शनिवार को बीजेपी की एक बैठक के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर करनाल की ओर बढ़ रहे किसानों के एक समूह पर कथित तौर पर पुलिस ने लाठियां बरसायीं जिससे लगभग 10 लोग घायल हो गए। कई लोगों को इस दौरान गंभीर चोटें भी आई।